शिमला: दीपावली के पावन पर्व पर हिमाचल प्रदेश में उत्साह और उल्लास का माहौल है. इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से लेकर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं. वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी लोगों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की है. सभी नेताओं ने अपने संदेशों के जरिए प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और नई ऊर्जा आने की कामना की.
मुख्यमंत्री सुक्खू ने हुनरमंद लोगों को किया सलाम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को प्रकाश और खुशियों के महापर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली की रौनक बढ़ाने वाली वस्तुओं और मिठाइयों के पीछे अनगिनत लोगों की मेहनत और रचनात्मकता होती है. मुख्यमंत्री ने इन सभी हुनरमंद लोगों के योगदान को सलाम किया. उन्होंने भगवान श्री गणेश और मां लक्ष्मी से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए.
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने की सुख-समृद्धि की कामना
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भी दीपावली के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रकाश, उल्लास, सुख-समृद्धि और खुशहाली का यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे. राज्यपाल ने कामना की कि समाज प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे के प्रकाश से हमेशा आलोकित रहे. उन्होंने विकसित, समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सभी से अपना योगदान देने का आह्वान भी किया.
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने दी बधाई
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रकाश और खुशियों का यह त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सुख-शांति और समृद्धि लेकर आए.
अनुराग ठाकुर ने गणेश-लक्ष्मी से की कल्याण की कामना
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी दीपावली पर लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने संदेश में दीप ज्योति के कल्याणकारी स्वरूप का उल्लेख करते हुए भगवान श्री गणेश और मां लक्ष्मी से सभी का कल्याण करने की प्रार्थना की. उन्होंने कामना की कि सभी के जीवन में सुख और समृद्धि बनी रहे.
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली लेकर आए.
प्रधानमंत्री मोदी ने भी देशवासियों को दी दीपावली की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दीपावली के अवसर पर देशभर के लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने संदेश में सभी के जीवन में खुशी, शांति और समृद्धि की कामना की. पीएम मोदी ने कहा कि रोशनी का यह त्योहार अंधकार के खिलाफ देश के संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने देशवासियों को शानदार दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाला समय सभी के लिए खुशियों और समृद्धि से भरा हो.
जवानों के साथ दिवाली मनाने बस्तर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि वह दिवाली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में बहादुर सुरक्षा बलों के साथ त्योहार मनाने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह जवानों के बलिदान, निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को सलाम करने के लिए उनके बीच पहुंच रहे हैं. पीएम मोदी ने जवानों के साथ दीपावली मनाने की अपनी परंपरा का भी जिक्र किया.
