पंचकूला: हरियाणा के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के मकसद से वर्ष 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार दिए जाएंगे. इन पुरस्कारों के लिए पात्र महिलाओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं. इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ सविता नेहरा ने जानकारी दी.
1-5 लाख तक के पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र: डॉ. सविता नेहरा ने बताया कि “विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा. इसके तहत सुषमा स्वराज पुरस्कार के लिए पांच लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए 1.50 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र और कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार और बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए 1-1 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे.
लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड और अन्य: विभाग द्वारा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. सरकारी कर्मचारी श्रेणी में चार, सामाजिक कार्यकर्ता श्रेणी में चार और महिला उद्यमी श्रेणी में दो पुरस्कार दिए जाएंगे. इन श्रेणियों के प्रत्येक विजेता को 21 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा. इन पुरस्कारों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के उल्लेखनीय योगदान को मान्यता देना, उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना और समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है.
ऑनलाइन पोर्टल पर करें आवेदन: जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र महिलाएं 5 नवंबर 2026 तक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. डाक, कोरियर या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे.
विभाग की महिलाओं से अपील: डॉ. सविता नेहरा ने जिला पंचकूला की सभी पात्र महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला उद्यमियों एवं संबंधित संस्थाओं से अपील की कि वे इन पुरस्कारों की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाकर पात्र महिलाओं को आवेदन करने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि इन पुरस्कारों के माध्यम से जिले की प्रतिभाशाली एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने और सम्मानित होने का अवसर मिलेगा.
