लखनऊ, विशेष संवाददाता। त्योहारों को देखते हुए यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण सख्त नजर आए। डीजीपी ने दीपावली पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने शनिवार को वीडिया कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज व छठ पूजा पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व थानाध्यक्षों को बाजारों में नियमित फुट पेट्रोलिंग का निर्देश दिया।
डीजीपी ने कहा कि प्रमुख बाजारों व मार्गों पर पुलिस की उपस्थिति नजर आए। शाम छह-सात बजे के बाद नियमित अंतराल पर पुलिस सायरन बजार अपनी मौजूदगी का एहसास भी कराए। हर क्षेत्र में होने वाली घटनाओं का विश्लेषण कर उसके अनुरूप पुलिस बल तैनात किया जाए। फुट पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों को स्थानीय दुकानदारों व लोगों से संवाद करने तथा उसकी वास्तविक समस्याओं का समाधान कराने का निर्देश भी दिया।
गांव-मोहल्लों में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण पर सतर्कता बरतें
डीजीपी ने कहा कि सभी संवेदनशीलता क्षेत्रों व आपराधिक घटनाओं के लिहाज से चिह्नित हाट स्पॉट पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। बीट आरक्षी अपने क्षेत्र के गांवों व मोहल्लों में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण तथा तस्करी को लेकर खास सतर्कता बरतें। डीजीपी ने त्योहारों पर बेहतर यातायात प्रबंधन तथा जाम की समस्या के दृष्टिगत ट्रैफिक ड्यूटी का पुनर्गठन करने का निर्देश भी दिया। कहा कि प्रमुख मार्गों , बाजारों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाए।
अलग स्थानों पर लगाई जाए पटाखों की बाजार
उन्होंने पटाखा बाजार की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें खुले व सुरक्षित स्थानों पर तथा मुख्य बाजार से अलग निर्धारित स्थानों पर लगाई जाए। बिना अस्थायी लाइसेंस के कहीं कोई दुकान न लगे और दुकानों पर पानी, रेत व अग्निशमन यंत्र सहित आवश्यक सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। प्रदेश में सभी अस्थायी पटाखा दुकानों तथा गोदामों की जल्द सघन जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया। पिछले वर्षों में हुई घटनाओं की समीक्षा करते हुए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराए जाए। अग्निशमन विभाग के कार्मियों को अलर्ट रखा जाए।
तस्करों के नेटवर्क को गहनता से खंगाला जाए
बैठक में एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने कहा कि विवेचना व पुलिस कार्रवाई को केवल घटना के अनावरण तक सीमित न रखा जाए बल्कि संलिप्त गैंग के पूरे नेटवर्क, उसके विस्तार व अंतर-जनपदीय संबंधों की गहनता से जांच की जाए। मादक पदार्थों व असलहा तस्करों के पूरे नेटवर्क को गहनता से खंगाला जाए और कठोर कार्रवाई की जाए। किसी गिरोह के व्यापक नेटवर्क की जानकारी एसटीएफ से साझा की जाए।
