इटावा: पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और जम्मू-कश्मीर की राजनीति को लेकर कई बड़े बयान दिए. अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि अखिलेश को आजम खान से पहले ही मिल लेना चाहिए था. वहीं, कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर तंज कसते हुए बोले कि फैसला उनके हाथ में होता तो कांग्रेस को 25 से ज्यादा सीटें नहीं देते. उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी को बढ़िया नेता बताया.
विरोधियों पर तंज: इटावा पुलिस लाइन पहुंचे बृजभूषण सिंह क्षत्रिय स्वाभिमान मंच के दशहरा मिलन समारोह में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने सपा-कांग्रेस के गठबंधन और अखिलेश यादव की राजनीति पर निशाना साधा. असदुद्दीन ओवैसी को बृजभूषण शरण सिंह ने बढ़िया नेता बताया, जबकि फारूक अब्दुल्ला पर पाकिस्तान के प्रति उनके रुख को लेकर निशाना साधा. पीओके के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा था और भारत का ही रहेगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नेतृत्व में पीओके को भारत में शामिल किए जाने का दावा भी किया. बृजभूषण सिंह ने कांग्रेस की एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि दिवाली के आसपास कार्यक्रम की तारीख आगे-पीछे करने से कोई पहाड़ नहीं टूट जाता.
राजनीतिक बयानों के अलावा बृजभूषण शरण सिंह ने समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया. उन्होंने भगवान राम, भगवान श्रीकृष्ण, महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान का उल्लेख करते हुए क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास की चर्चा की. साथ ही बदलते समय के अनुसार समाज को खुद को तैयार करने का संदेश दिया.
