रुधौली, बस्ती। पैड़ा वाले बाबा गोविंद दास ने रविवार को सुबह सात बजे के करीब विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि बाबा ने अपने आश्रम में फेसबुक लाइव के दौरान यह आत्मघाती कदम उठाया, जिससे वहां मौजूद सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई।
उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उन्हें बस्ती मेडिकल कालेज से संबंद्ध ओपेक हास्पिटल कैली में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद बाबा बार-बार मैं हार गया, कह रहे थे। हालांकि, उन्होंने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और इसके पीछे क्या वजह रही, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों और सहयोगियों में चिंता का माहौल है। लोग एक-दूसरे को फोन कर तथा वाट्सएप समूहों के माध्यम से लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
