लखनऊ विशेष संवाददाता । यूपी में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासत तेज है। अगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी सभी पार्टियां पूरी ताकत से राजनीतिक बिसात बिछाने में लगी हैं। इस बीच खबर आ रही है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर जेल जाकर आजम खान से मुलाकात करेंगे। सपा मुखिया अखिलेश और आजम खान के बीच मुलाकात के लिए करीब 45 मिनट का समय तय किया गया है। इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इससे पहले रविवार को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में रैली के दौरान अखिलेश यादव पर आजम खान की अनदेखी करने का आरोप लगाया था।
उधर, भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी सुभाष यदुवंश ने सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा लैपटॉप बांटे जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘वोट देगा अहीर और लैपटॉप लेगा जहीर।’ दरअसल, हाल ही में अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में कुछ छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे थे, जिसमें अधिकतर मुस्लिम छात्र शामिल थे।
सपा ने चुनाव आयोग से की एमएलसी चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत
वहीं सपा ने चुनाव आयोग से उत्तर विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव में प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों पर भाजपा नेताओं के पक्ष में मतदाताओं पर दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। समाजवादी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर कहा कि भाजपा नेताओं के इशारे पर डीएम और एसडीएम पुलिस प्रशासन के माध्यम से ग्राम प्रधानों व शिक्षकों पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने का दबाव बना रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र में शामिल कौशाम्बी के डीएम व एसडीएम पर पुलिस अधिकारियों के माध्यम में से ग्राम प्रधानों व स्नातक तथा शिक्षक मतदाताओं पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाया जा रहा है।
अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को किया अलर्ट
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पीडीए प्रहरियों को 24 अक्तूबर को मुस्तैद रहने व मतदाताओं की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया है। अखिलेश ने कहा कि सभी नेता, कार्यकर्ता अपने बूथों पर सतर्क रहें। मतदाता सूची में फर्जी वोटरों का नाम जुड़ने से रोके और असली वोटरों का नाम जुड़वाएं। भाजपा की बेईमानी से सावधान रहें। आपको बता दें कि विधान परिषद की 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 4 बजे तक मतदान होना है।
