देहरादून: इन दिनों उत्तराखंड की राजनीति में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद चर्चाओं में है. इसी बीच कांग्रेस का कहना है कि रेखा आर्या के साथ जो कुछ भी हुआ है, कांग्रेस उनके साथ अपनी पूरी सहानुभूति रखती है, लेकिन 200 करोड़ रुपए मामले पर ईडी-सीबीआई की अब एंट्री होनी चाहिए.
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू बरेली के निवासी हैं. जहां बीजेपी की सरकार है. जबकि, रेखा आर्या उत्तराखंड सरकार में मंत्री हैं. ऐसे में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत केंद्र में बीजेपी की सरकारें है. इन तीनों राज्यों में बीजेपी के ट्रिपल इंजन की सरकारें होने के बावजूद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और अन्याय की घटनाएं किसी से छिपी नहीं है.
उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास का कार्यभार संभाल रही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के ऊपर ही जब घरेलू हिंसा की घटना घटित हुई है, तो फिर इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि उत्तराखंड की आम महिलाओं का क्या हाल होगा? उन्होंने कहा कि गिरधारी लाल साहू ने भी रेखा आर्या पर कथित तौर पर 210 करोड़ रुपए की अकूत अवैध संपत्ति अर्जित किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
कथित 210 करोड़ रुपए की संपत्ति और भ्रष्टाचार आरोपों की हो जांच: यह भ्रष्टाचार भले ही उनके पति गिरधारी लाल साहू ने किया हो या फिर मंत्री के रूप में रेखा आर्या ने किया हो, लेकिन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी जरूरी है. धस्माना ने मांग उठाई कि गिरधारी लाल साहू की ओर से लगाए गए कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच अब ईडी या फिर आयकर विभाग से कराई जाए. भ्रष्टाचार के इन आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए. ताकि, दूध का दूध और पानी का पानी हो सके.
रेखा आर्या का साथ देगी कांग्रेस: कांग्रेस का ये भी कहना है कि रेखा आर्या ने ऑडियो जारी करते हुए जो आरोप लगाए हैं, उसके बाद भी उत्तराखंड सरकार उनका साथ नहीं देती, तो कांग्रेस पार्टी उनका साथ देगी. कांग्रेस जिस तरह अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रही है, और उन तमाम महिलाओं के साथ खड़ी है, जो घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं. उसी तरह घरेलू हिंसा के मामले पर कांग्रेस पूरी तरह से रेखा आर्या के समर्थन में खड़ी है.
गिरधारी लाल ने रेखा आर्या पर लगाए थे 210 करोड़ रुपए की संपत्ति अर्जित करने के आरोप: गौर हो कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने हाल में ही फफकते हुए एक ऑडियो जारी किया था. जिसमें उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर मारपीट, उत्पीड़न, दूसरी शादी छिपाने से लेकर जान से मारने की प्लानिंग बनाने के आरोप लगाए थे. जिससे पूरे सियासत में भूचाल मच गया था. वहीं, रेखा के पति गिरधारी ने भी एक वीडियो जारी कर रेखा आर्या पर 210 करोड़ रुपए की संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए थे.
वहीं, रेखा आर्या ने पति साहू के कथित 210 करोड़ की संपत्ति अर्जित करने के आरोप पर अपना जवाब दिया. रेखा आर्या ने गोल्ज्यू देवता की कसम खाते हुए कहा कि मैनें अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है. अगर वो आरोप लगा रहे हैं, उसका सबूत दें. सभी आरोप निराधार हैं. अगर इस मामले में मेरे खिलाफ कुछ सबूत हैं, तो उसे सार्वजनिक करें. मेरे खिलाफ जांच कराएं.
