यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। हाल में अखिलेश यादव ने सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर चुनौती थी। सीएम योगी ने अखिलेश की चुनौती स्वीकार करते हुए मैदान में उतरने को कहा था। अब नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी सीएम योगी को बिजनौर जिले की सीटों पर चुनाव लड़ने का चैलेंज कर दिया है। चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी को चैलेंज करते हुए कहा कि सीएम योगी किसी भी सीट से चुनाव लड़ लें, अगर हराकर नहीं भेजा तो राजनीति छोड़ दूंगा।
अमरोहा के हसनपुर में भीम आर्मी प्रत्याशी शाहनवाज चौधरी के समर्थन में आयोजित रैली में चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने चुनावी मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया। चंद्रशेखर आजाद ने पीएम, सीएम समेत बड़े नेताओं की जनसभाओं में भीड़ जुटाने को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप भी लगाए। चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी को चुनौती देते हुए कहा, बिजनौर में आठ विधानसभा सीटें हैं। इनमें किसी भी सीट पर सीएम योगी चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा, वह सीएम योगी को हराकर नहीं भेज पाए तो राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव की मांग करते हुए ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने की बात भी कही। चंद्रशेखर ने बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। कहा कि बुलडोजर एक वर्ग विशेष के लोगों के घरों पर चल रहा है। सरकार के संरक्षण प्राप्त माफियाओं पर बुलडोजर कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, सड़क आदि की बदहाली का भी आरोप लगाया।
चुनाव आयोग के मुद्दे पर एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहा विपक्ष
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा, विपक्ष एकजुट होकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। इसके बावजूद अब तक मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा कराने कराने का दम भी इस नीले पटके वाले में है। भाजपा पर हमलावर हुए चंद्रशेखर ने रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए पैसे देने का भी आरोप लगाया। उनका दावा है कि सरकारी कर्मचारियों को भी जनसभाओं में पहुंचने के लिए मजबूर किया जाता है।
अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं सीएम योगी
आठ अक्टूबर को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा था, बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतना ही आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। वह अयोध्या में सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा की शुरुआत के मौके पर पहुंचे थे। अखिलेश यादव ने कहा था, ‘जब से हमने अपने उम्मीदवार की घोषणा की है, भाजपा लगातार सर्वे कर रही है और हर सर्वे में पीछे रही है। सुनने में आ रहा है कि उन्हें अयोध्या के लिए कोई नया प्रत्याशी नहीं मिल पा रहा है। बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतना ही आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।’
