यूपी के आगरा से उत्तराखंड के मसूरी घूमने निकले पांच दोस्तों का सफर सहारनपुर में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास दिन निकलने से पहले तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। भीषण टक्कर में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत-बचाव कार्य कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार हादसा नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास हुआ। बताया गया कि आगरा निवासी पांच युवक थार कार से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। सभी शाम करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच घर से रवाना हुए थे। दिन निकलने से पहले उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में साहिल, राहुल और सक्षम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सहारनपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। नागल थाना प्रभारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
नींद में थे सचिन, आंख खुली तो सड़क पर पड़े थे
घायल सचिन वर्मा ने बताया कि वे पांचों आगरा से मसूरी घूमने जा रहे थे। कार हेमंत चला रहा था और हादसे के वक्त वह सो रहे थे। अचानक क्या हुआ, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। सचिन के मुताबिक, जब उनकी आंख खुली तो वह सड़क पर पड़े हुए थे और थार कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। हादसे में उनके तीन साथियों की जान चली गई, जबकि वह और हेमंत घायल हो गए।
मामले में पुलिस के जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसा बहुत भीषण था। मौक पर ही तीन की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, संभावना जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण या गाड़ी की स्पीड तेज होने पर कार का नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ है। हालांकि हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
