चंडीगढ़। पंजाब में नशे के मुद्दे पर बढ़ती राजनीतिक सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान आज, शुक्रवार को ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान की समीक्षा करेंगे। आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बताया कि मुख्यमंत्री फिल्लौर में पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इसमें सभी जिलों के एसएसपी, डीसी, डीएसपी और एसडीएम शामिल होंगे। बैठक ऐसे समय हो रही है, जब नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। सीमा पर कांस्टेबल करणदीप के पकड़े जाने का मामला भी चर्चा में है। इन घटनाक्रमों के बीच अभियान की समीक्षा के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक को अहम माना जा रहा है।
परविंदर की हत्या के बाद मुद्दा गर्माया
मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद नशे का मुद्दा फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। विपक्षी दल इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। बंद के आह्वान के बीच सरकार की नशे के खिलाफ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हो रही है।
पन्नू के मुताबिक, बैठक में राज्य के सभी जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे। हालांकि, बैठक के विस्तृत एजेंडे और अधिकारियों को दिए जाने वाले निर्देशों के बारे में अभी जानकारी साझा नहीं की गई है।
सीएम के निर्देशों पर रहेगी नजर
आम आदमी पार्टी सरकार ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के जरिये नशे के खिलाफ लड़ाई को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करती रही है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि शुक्रवार को फिल्लौर में मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ किन मुद्दों पर चर्चा करते हैं और नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए क्या निर्देश देते हैं।
