गैरसैंण: प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की होनहार बेटी प्रतिभा रावत ने अपनी असाधारण प्रतिभा के दम पर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है.आरकेजेएसएनएसएन मेमोरियल इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा प्रतिभा रावत ने राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2026 के लिए उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है.
भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047′ पर दी प्रभावशाली प्रस्तुति: इस वर्ष की विज्ञान संगोष्ठी का मुख्य विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047: संभावनाएं एवं चुनौतियां” रखा गया है. राज्य स्तर पर प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभा रावत ने इस जटिल विषय पर अपनी वैज्ञानिक सोच, गहन शोध और प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण से निर्णायकों को बेहद प्रभावित किया. उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और विषय के प्रति समर्पण के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षक चंद्र रजवार का कुशल मार्गदर्शन रहा, जिन्होंने प्रतिभा के इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में दिन-रात सहयोग किया. प्रतिभा की इस सफलता में शिक्षक हिमांशु मेहरा, तारा कंडारी, रोशनी सिरसावल का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा.
माता-पिता दोनों हैं शिक्षक: प्रतिभा की पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो शिक्षा और ज्ञान उन्हें विरासत में मिला है. उनके पिता चंद्रमोहन सिंह रावत मालसी इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय के शिक्षक हैं और माता किरण रावत भी इंटर कॉलेज आगरचट्टी में अंग्रेजी की शिक्षिका हैं. माता-पिता के शैक्षणिक माहौल और प्रोत्साहन ने प्रतिभा की इस वैज्ञानिक यात्रा को और मजबूत बनाया.
प्रतिभा की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देगी. पूरे विद्यालय परिवार के साथ-साथ संपूर्ण गैरसैंण क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि हमारी बेटी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही है. विश्वास है कि प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी.
-ममता नेगी, प्रधानाचार्य-
नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी प्रतिनिधित्व: राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पाकर अब प्रतिभा आगामी 30 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मंच पर का प्रतिनिधित्व करेंगी. इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता नेगी समेत समस्त विद्यालय परिवार में अत्यंत हर्ष का माहौल है.
