मेरठ का एक परिवार अपने लापता बेटे प्रिंस की तलाश में सोमवार को वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर पहुंचा। नेत्रपाल अपनी पत्नी पूनम के साथ हाथ में बेटे का फोटो लेकर उसकी वापसी की मांग करते नजर आए। परिजनों को उम्मीद है कि अनुज और मयंक की सकुशल बरामदगी के बाद उनका बेटा भी उन्हें मिल सकता है। आश्रम के बाहर कई दिनों से लापता बच्चों के परिजनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मेरठ के इंद्रपुरम, थाना प्रतापपुर निवासी नेत्रपाल ने बताया कि उनका बेटा प्रिंस नीट की परीक्षा देने के बाद वह आठ मई 2024 को अपने माता-पिता के साथ वृंदावन आया था।
बेटे प्रिंस की तलाश में प्रेमानंद के आश्रम पहुंची मां
अगले दिन लाइन में लगने के बाद 10 मई को एकांतिक वार्ता के लिए पास मिला था। इसके तहत केवल प्रिंस अंदर गया था। वार्ता खत्म होने के बाद परिवार के लोग बाहर आ गए, लेकिन प्रिंस बाहर नहीं आया। पूनम ने बताया कि उन्होंने आश्रम के साधकों से इसकी शिकायत की, लेकिन प्रिंस का पता नहीं चला। इसके बाद मथुरा पुलिस से भी शिकायत की। इसके बाद से वह लगातार मेरठ और वृंदावन के बीच चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बेटे का पता नहीं चला।
दीक्षा लेने झारखंड से वृंदावन पहुंचा किशोर
झारखंड का 17 वर्षीय किशोर घर से बिना बताए वृंदावन पहुंच गया। वह प्रेमानंद महाराज के केलि कुंज आश्रम में पहुंचकर संत से दीक्षा लेने की इच्छा जताने लगा। किशोर की कम उम्र और परिस्थितियों को देखते हुए आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस किशोर को सुरक्षित रमणरेती पुलिस चौकी ले गई और परिजनों से संपर्क किया।
मेरठ के पीड़ित परिवार से भक्तों की नोकझोंक
अपने लापता बेटे की तलाश में राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे मेरठ के परिवार को सोमवार को आश्रम के बाहर मौजूद भक्तों की भीड़ से नोकझोंक का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस ने अभद्रता करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में भी लिया। पिछले दो दिनों से आश्रम के बाहर इसी तरह का माहौल बना हुआ है।
संत की छवि को खराब करने का लगाया आरोप
डिजिटल प्लेटफार्म पर चैनल चलाने वाले एक पत्रकार का संत प्रेमानंद महाराज के भक्तों ने सोमवार को पुतला फूंका। भक्तों का आरोप है कि पत्रकार प्रेमानंद महाराज की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। संत प्रेमानंद महाराज के दीक्षित साधक रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद सामने आ रही खबरों को लेकर भक्तों में आक्रोश है।
दिनेश फलाहारी ने की जांच की मांग
संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम को लेकर चल रहे विवाद के बीच श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने आरोप लगाया कि दो गुटों में बंटे आश्रम के शिष्य परिकर द्वारा प्रचार के लिए पैसे देकर एक मशहूर हस्ती को आश्रम बुलाया गया था। उन्होंने आश्रम से जुड़े लोगों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
