अपनी पहचान छिपाने के लिए विग लगाकर बाइक चोरी करने वाले हिस्ट्रीशीटर को बिजनौर की अफजलगढ़ पुलिस ने चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है। इसके अलावा एक जली हुई बाइक भी मिली है। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि ग्राम मानियावाला निवासी विशाल ने चार अक्टूबर को अफजलगढ़ थाने में तहरीर देकर बताया था कि घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पांच अक्टूबर को सूचना पर सोनू उर्फ सोहेल निवासी डूडा कॉलोनी, अफजलगढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद हुई। साथ ही एक काले रंग की बाइक भी मिली, जिसे पेट्रोल डालकर जलाया गया था।
विग लगाकर करता था वारदात
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दो दिन पहले नैनीताल के रामनगर से अपाचे बाइक चोरी की थी। इस बाइक से अन्य वारदात की और पहचान छिपाने के लिए चोरी में इस्तेमाल की गई इस बाइक को जला दिया था। इसके बाद चार अक्टूबर की रात उसने विशाल की बाइक चोरी की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत मुकदमे पहले से दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अन्य मामलों में भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में हिस्ट्रीशीटर सोहेल ने बताया कि वह पुलिस की नजरों से बचने के लिए नकली बालों की विग पहनकर वारदात करता था। घटना के बाद बिग उतार देता था।
चार साल से लापता चल रहा था हिस्ट्रीशीटर सोहेल
सीओ अफजलगढ़ आलोक कुमार ने बताया कि सोहेल अफजलगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जिसकी हिस्ट्रीशीट नंबर 84 ए है। सोहेल पिछले चार साल से जिले से लापता चल रहा था। उस पर चोरी, एनडीपीएस एक्ट सहित 11 मुकदमे दर्ज हैं।
