नाहन: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीरवार को श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव के दौरान सरकार की ओर से चुनाव टालने के प्रयास किए गए, लेकिन अंततः चुनाव हुए और जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से अपना मन स्पष्ट कर दिया। अब आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाकर सरकार के कामकाज का हिसाब लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर करवाना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी थी। सरकार ने चुनाव टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए और भाजपा को इसके लिए उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्त्ता पूरी मजबूती, एकजुटता और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में जो कमी रह गई थी, उसे पूरा करने के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाकर सुक्खू सरकार के कार्यकाल का हिसाब लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जयराम ठाकुर ने नाहन और श्री रेणुका जी में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता व भाजपा नेता नारायण सिंह सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
