हल्द्वानी। मिशन-2027 के लिए भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी को मिशन की तरह लेकर घर-घर पहुंचना होगा।
केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र को भी जनता के सामने रखना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर विजय रथ को कोई रोक नहीं पाएगा।
बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश निराशा के दौर में था। भ्रष्टाचार और घोटालों की चर्चा होती थी और विश्व पटल पर भारत की मजबूत पहचान नहीं थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश की तस्वीर बदली है। आज भारत को दुनिया सम्मान की नजर से देख रही है और वह प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
धामी ने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया और गरीब परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला। सैनिकों का मनोबल बढ़ा है और पहलगाम हिंसा के बाद भारत ने अपनी सामरिक शक्ति का लोहा दुनिया को मनवाया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने यूसीसी लागू करने, लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
हल्द्वानी की 2024 की घटना के बाद दंगारोधी कानून बनाया गया। विकास कार्यों को भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मिशन-2027 के लिए संगठन की ताकत को बूथ से लेकर गांव और घर तक सक्रिय करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व और कार्यों से प्रेरणा लेकर भाजपा का कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाता है। अब यही संपर्क अभियान मिशन-2027 की जीत का आधार बनेगा।
