मुजफ्फरनगर : जनपद में बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. भैसाना गांव के पास दो बाइकों की रोडवेज बस से टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई. वहीं, दो लोगों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया. घटना के बाद तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.
जानकारी के मुताबिक, बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में दो बाइकों की रोडवेज बस से टक्कर हो गई. बाइक पर कांधला और बागपत निवासी मोमिन (25), भल्लो, इदरीश, फरमान और शाजिद सवार थे. दोनों बाइक सवार मुजफ्फरनगर से बुढ़ाना की ओर जा रहे थे और रोडवेज बस बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की ओर आ रही थी. प्रत्यक्षदर्शी जरीना ने बताया कि पांच लोगों की मौत हुई है.
मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि लगभग 4:00 बजे के आस-पास एक बड़ौत डिपो की बस बुढ़ाना की तरफ से जा रही थी. शहर की तरफ और दो मोटरसाइकिल सवार शाहपुर की तरफ से आ रहे थे. ओवरटेक करने के दौरान टक्कर की बात सामने आ रही है.
मौके पर तीन लोगों की डेथ हुई है. जिनमें मोमिन, फरमान तथा भल्लो छोटी बच्ची थी और दो लोगों इदरीश और साजिद की इलाज के दौरान डेथ होने की सूचना मिल रही है. मौके पर अधिकारियों ने निरीक्षण किया है. बस को कब्जे में ले लिया गया है.
अभियोग दर्ज करके करवाई की जा रही है. प्रथम दृष्टया ओवरटेक करना ही बताया गया है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जो भी लीगल कार्रवाई होती है, वह अमल में लाई जाएगी.
