सुजानपुर: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी और गौरवमयी खबर है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ की पूर्व और वर्तमान में पीएम श्री (सीबीएसई) सुजानपुर टीहरा की प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन को शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया है। उन्हें यह देश का सबसे प्रतिष्ठित शिक्षक सम्मान नई दिल्ली में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। मंजरी महाजन का नाम देशभर से चुने गए उन 48 सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों की सूची में शामिल है, जिन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया गया।
शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बनाई अलग पहचान
मंजरी वी. महाजन की पहचान केवल एक उत्कृष्ट शिक्षाविद् के रूप में ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और विद्यालय स्तर पर नवाचार को बढ़ावा देने वाले एक विजनरी लीडर के रूप में भी है। उनके कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच का ही परिणाम था कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा एनवायरनमेंट लीडरशिप अवार्ड (पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार) और वेस्ट वारियर अवार्ड से नवाजा जा चुका है।
मंजरी महाजन के नाम राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय कई उपलब्धियां दर्ज
एक प्रशासक के तौर पर उनके खाते में कई अन्य राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय उपलब्धियां दर्ज हैं। सैंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमैंट द्वारा उनके विद्यालय को लगातार दो बार ग्रीन स्कूल स्टेटस का दर्जा मिल चुका है। इसके अलावा राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान दिल्ली ने उन्हें देश के चुनिंदा अभिनव स्कूल प्रमुखों की सूची में भी शामिल किया है। वहीं, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन उन्हें विजनरी लीडर इन गर्ल एजुकेशन के विशेष सम्मान से भी अलंकृत कर चुका है।
स्कूलों में लागू किए ईको-फ्रैंडली प्रोजैक्ट्स
मंजरी महाजन ने किताबी ज्ञान से परे जाकर छात्रों को प्रकृति से जोड़ने का काम किया है। विद्यालयों में प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाना, जैविक खेती के लिए वर्मी कंपोस्टिंग (केंचुआ खाद) तैयार करना और कुशल अपशिष्ट प्रबंधन जैसी बेहतरीन और पर्यावरण हितैषी पहल उन्हीं की देन मानी जाती है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी बधाई
वहीं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुजानपुर टीहरा (सीबीएसई) की प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन जी को राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने शिक्षा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यालय नेतृत्व के क्षेत्र में मंजरी वी. महाजन के समर्पण को अनुकरणीय बताया तथा कहा कि यह गौरवपूर्ण उपलब्धि समस्त शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
