शिमला। शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार शनिवार को 31 शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेगी। इनमें सरकारी स्कूलों के 21 और कालेजों के पांच शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग के पांच शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
पिछले वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक को भी राज्य सरकार राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजेगी। लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी मौजूद रहेंगे।
शिक्षक दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा संवाद भी आयोजित किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इसके लिए सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। समग्र शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के तहत समुदाय की स्कूलों में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा संवाद का आयोजन किया जा रहा है। इसमें स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी), अभिभावकों, शिक्षकों और पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआइ) के प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद पर जोर रहेगा।
शिक्षा संवाद के बाद प्रत्येक जिले को तीन दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट निदेशालय को भेजनी होगी। विभाग ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी स्कूलों को उपलब्ध करवाए हैं। इसका उद्देश्य अभिभावकों और समुदाय को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों की शिक्षा और स्कूलों की कार्यप्रणाली को लेकर नियमित संवाद कायम करना है।
