शिमला। हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार को लेकर गुरुवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार की पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ हुई बैठक में हिमाचल के राजनीतिक और संगठनात्मक मामलों के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी मौजूद रही।
सूत्रों के अनुसार बैठक में संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। इनमें कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं। पालमपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों को भी आशीष बुटेल की संभावित दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री सुंदर ठाकुर का नाम पहले घोषित कर चुके हैं।
नीट समेत मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी
बैठक में कैबिनेट विस्तार के अलावा कांग्रेस के प्रस्तावित देशव्यापी आंदोलन को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड के शुद्धिकरण विवाद और नीट पेपर लीक मामले को लेकर पार्टी देशभर में आंदोलन की तैयारी कर रही है।
हिमाचल में भी कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित करेगी। बताया जा रहा है कि प्रदेश संगठन को आंदोलन की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर हाईकमान की ओर से दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही छोड़ कर गुरुवार दोपहर शिमला से दिल्ली रवाना हुए थे। शाम करीब 5:30 से 6:30 बजे तक शीर्ष नेताओं के साथ बैठक हुई।
