शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने क्लास-1 अधिकारियों की वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन रिपोर्ट (अपार) समय पर पूरी न होने को लेकर सख्ती दिखाई है।
कार्मिक विभाग के गोपनीय प्रकोष्ठ ने आईएएस, विभागाध्यक्षों (विभाध्यक्षों), एचएएस एचपीएस और अन्य संबंधित अधिकारियों की वर्ष 2025-26 की अपार अभी भी लंबित होने पर रिपोर्टिंग और रिव्यूइंग अथारिटी को तत्काल अपनी टिप्पणियां दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
3 सितंबर को विशेष सचिव (कार्मिक) राजीव कुमार, आईएएस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कुछ अधिकारियों की अपार अभी अधिकारियों के स्तर पर लंबित हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारियों से कहा गया है कि वे मानव संपदा Manav में उपलब्ध अपार पर अपनी टिप्पणियां जल्द से जल्द दर्ज करें, ताकि निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट पूरी की जा सके।
मंत्रियों की अपार भी बनी विभाग की चिंता
कार्मिक विभाग ने केवल ऑनलाइन अपार तक ही मामला सीमित नहीं रखा है। पत्र की प्रति सभी मंत्रियों के वरिष्ठ निजी सचिव/निजी सचिवों को भेजकर कहा गया है कि मैनुअली प्रस्तुत को संबंधित मंत्रियों के संज्ञान में लाया जाए और उनकी टिप्पणियां भी जल्द से जल्द प्राप्त की जाएं।
विभाग ने इस संबंध में 25 जुलाई 2026 को भी पत्र जारी किया था। इसके बावजूद कई अपार लंबित रहने पर अब दोबारा अधिकारियों को रिमाइंडर जारी किया गया है।
