खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान एक स्थानीय दुकान पर आम लोगों के साथ डिस्पोजेबल कप में चाय की चुस्कियां लीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जाति संबंधी बयानों पर तीखा हमला बोला और इसे संकीर्ण राजनीति की पराकाष्ठा करार दिया।
चाय पर चर्चा के दौरान स्थानीय लोगों से आत्मीय बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की मानसिकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ बैठकर चाय पीते हुए मुझे चाय का स्वाद और लोगों का अपनापन तो साफ दिखाई दिया, लेकिन कहीं भी कोई जाति नज़र नहीं आई। राहुल गांधी द्वारा चाय के कप में भी जाति और भेदभाव तलाशना संकीर्ण राजनीति की पराकाष्ठा है। कप डिस्पोजेबल हो सकता है, लेकिन सोच इतनी डिस्पोजेबल नहीं होनी चाहिए कि चाय में भी जाति और राजनीति ढूंढ ली जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की देवतुल्य संस्कृति हमेशा से सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी अपनत्व की प्रतीक रही है। यहां समाज को बांटने के बजाय जोड़ने की राजनीति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सीएम ने स्पष्ट किया कि हर विषय में राजनीति और जाति ढूंढना तथा समाज में विभाजन पैदा करना किसी भी सूरत में देशहित में नहीं है। खटीमा में मुख्यमंत्री का यह सादगी भरा अंदाज और आम लोगों के बीच चाय की दुकान पर बैठकर संवाद करना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
