चंपावत: बनबसा में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दौरा युवाओं के नाम रहा. सीएम धामी ने युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधे रूबरू होकर शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों के जवाब दिए. वहीं राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, मामले में कानून अपना काम करेगा. कांग्रेस जो आरोप लगा रही है, उनके पास कोई सबूत नहीं है. सिर्फ सनातन का अपमान, लोगों को बांटने का कांग्रेस काम कर रही है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को अपने एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत बनबसा पहुंचे. यहां उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया और क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों से वार्ता कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की. भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ. इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया.
युवा संवाद के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न रखे। मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, युवा देश की रीढ़ हैं और आज के युवा ही कल देश का भविष्य होंगे. उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है. सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवा आयोग के गठन की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी.
मीडिया से रूबरू होते हुए सीएम धामी ने राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी टिप्पणी की. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि,
राहुल गांधी ने दलितों का अपमान किया है. इस मामले में कानून अपना काम करेगा और संबंधित विषय पर विधिक प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई होगी. कांग्रेस जो आरोप लगा रही है, उसके पास कोई सबूत नहीं है. वह सिर्फ सनातन का अपमान, लोगों को बांटने का काम कर रही है. यह उत्तराखंड है जहां सबका सम्मान होता है. जिस रामलीला मैदान प्रकरण पर वह आरोप लगा रहे हैं, वहां वाल्मीकि समाज के लोग भी शामिल थे. वह कैसे एससी समाज का अपमान कर सकते हैं.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री-
