लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान मनाएगी, जिसकी रूपरेखा सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश कार्यशाला में प्रस्तुत की गई। पार्टी कुल 13 कार्यक्रमों का संचालन करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी की नीतियों एवं योजनाओं से समाज में बड़ा बदलाव आया। हर परिवार में एक एक्सेस स्टोरी देखी जा सकती है। राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए माहभर में संचालित होने वाले सभी कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रदेश के सभी 1.77 लाख बूथों पर लाभार्थियों के घरों पर कार्यकर्ता दीया जलाएंगे।
योगी ने कहा कि हर शक्ति केंद्र, हर बूथ और हर क्षेत्र में दर्जनों सफल कहानियां हैं। कार्यकर्ताओं को युवाओं के बीच जाकर बताना चाहिए कि वर्ष 2014 से पहले देश और वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति क्या थी और आज उसमें क्या बदलाव आया है। सीएम ने अयोध्या के एक लाभार्थी का उदाहरण दिया, जिसने प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले ढाई लाख रुपये से अपना घर बनाया और मकान बनाने के लिए खुद के बचाए हुए करीब एक लाख रुपये से ई-रिक्शा खरीद लिया।
स्मृति ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के प्रति देश की कृतज्ञता और उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प को लेकर भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत दो अक्टूबर को प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक होगा। आंगन का उत्सव कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं महिलाओं के पोषण की जानकारी देंगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत देश के 50 चयनित स्थानों पर इंफ्लुएंसर्स को ले जाना होगा।
सात अक्टूबर को हर गांव में अलग-अलग दिशाओं से छोटी यात्राएं निकाली जाएंगी। वडनगर गुजरात से काशी के बीच ढाई सौ बाइक सवार दस अलग-अलग मार्गों से पवित्र जल का आदान प्रदान करेंगे। हर विस क्षेत्र और ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु शिविर के जरिए समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। रंगोली राष्ट्र कार्यक्रम के तहत एक ही दिन में प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर प्रधानमंत्री के कार्यों की चित्रकलाएं प्रस्तुत की जाएंगी। 108 मीटर व्यास का भारत मंडल बनेगा। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के तहत पांच क्षेत्रीय केंद्र महाराष्ट्र, गुजरात, बंगलुरु, दिल्ली और कोलकोता में युवाओं के लिए प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
अंतिम कार्यक्रम जनसेवक महाकुंभ होगा। 17 अक्टूबर को दिल्ली, गुरुग्राम, गाजियाबाद, सूरजकुंड एवं वाराणसी में देशभर से सवा लाख जनप्रतिनिधि पहुंचकर वंदेमातरम के सभी छह छंदों का गान करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लाभार्थियों की वास्तविक जीवन-कहानियों को जनता तक पहुंचाएं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री दोनों भूमिकाओं में अद्वितीय कार्य किए।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन अदम्य संकल्प, कठोर परिश्रम और दूरदर्शी नेतृत्व का अप्रतिम उदाहरण है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि एक माह के सेवा संकल्प अभियान में हमारा लक्ष्य अधिकतम पहुंच, सहभागिता, सेवा, और उसका प्रभावी क्रियान्वयन है। प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं सभी जिलाध्यक्ष व प्रभारी उपस्थित रहे।
