देहरादून। प्रदेश में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 53.72 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें नैनीताल जिले के रामनगर में सीवरेज व्यवस्था के विस्तार से लेकर प्रदेश के राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, चमोली में पौराणिक मंदिर के सुंदरीकरण और देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के कार्य शामिल हैं।
रामनगर शहर की सीवरेज योजना जोन-1 के अंतर्गत वर्तमान सात एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र के ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण के लिए 42.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे शहर में सीवरेज नेटवर्क को विस्तार देने और सीवेज के बेहतर निस्तारण में मदद मिलेगी।
वहीं, प्रदेश के राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालय और जिला कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पुराने राजस्व अभिलेखों के संरक्षण और अभिलेखागारों की व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में काम होगा।
देवराड़ी देवी मंदिर का होगा सुंदरीकरण
कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी पौराणिक मंदिर के सुंदरीकरण एवं प्रांगण विस्तार के लिए 98.28 लाख रुपये के सापेक्ष पहली किस्त के रूप में 58.968 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार को 142.89 लाख रुपये की स्वीकृत राशि के सापेक्ष अवशेष 39 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर राज्य मार्ग
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाैन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड में स्थित स्वर्गीय जगमोहन सिंह नेगी (लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट) राज्य मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
