लखनऊ : “आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था किसी भी सुदृढ़ स्वास्थ्य प्रणाली की महत्वपूर्ण आधारशिला है. गंभीर और आकस्मिक परिस्थितियों में मरीज को समय पर सटीक उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध कराना जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है.” उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रविवार को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन चिकित्सा सम्मेलन एम्पार्व-2026 कार्यक्रम के दौरान ये बातें कहीं.
उन्होंने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा किसी भी मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की पहली सुरक्षा-पंक्ति है. संकट की घड़ी में मरीज को सही समय पर सही उपचार मिलना ही जीवन बचाने की सबसे बड़ी कुंजी है. सड़क दुर्घटना, हृदयाघात, स्ट्रोक, अथवा गंभीर चोट जैसी आपात स्थितियों में हर सेकेंड महत्वपूर्ण होता है.
उन्होंने कहा कि अस्पताल तक पहुंचने का समय, चिकित्सक का त्वरित निर्णय, प्रशिक्षित टीम की तैयारी और उपचार की गति जीवन और मृत्यु के बीच अंतर तय कर सकती है, इसलिए आधुनिक एमरजेंसी मेडिसिन को केवल एक स्पेशियलिटी के रूप में नहीं, बल्कि सम्पूर्ण स्वास्थ्य तंत्र की जीवनरक्षक व्यवस्था के रूप में विकसित करना होगा.
डिप्टी सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में उच्च गुणवत्ता वाली आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह सकतीं. सरकार का संकल्प है कि गांव से लेकर महानगर तक, हर जिले में और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण इमरजेंसी केयर पहुंचे.
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ट्रॉमा एंड इमरजेंसी नेटवर्क विकसित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, एंबुलेंस सेवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों और डिजिटल रेफरल प्रणाली को एक नेटवर्क से जोड़ना है, जिससे गंभीर मरीज को गोल्डन ऑवर के अंदर आवश्यकता के अनुरूप सही स्तर की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की असली सफलता तभी है, जब संकट की घड़ी में व्यवस्था मरीज तक सबसे पहले पहुंचे. उत्तर प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण, त्वरित, सुलभ और जीवनरक्षक आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. इस तरह के आयोजन इस संकल्प को नई ऊर्जा, नई तकनीक और नई दिशा प्रदान कर रहे हैं.
डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ आपातकालीन व क्रिटिकल केयर सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने, नवीन चिकित्सा तकनीकों को अपनाने तथा चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने पर सार्थक विमर्श हुआ. उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है.
