देहरादून। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के आधे-अधूरे गायन के कांग्रेस कार्यसमिति के निर्णय को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के लिए वंदे मातरम् को बांटने की मानसिकता देश की भावनाओं और स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों का अपमान है। वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा राष्ट्रीय भाव है।
मुख्यमंत्री धामी ने एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस पहले भी तुष्टीकरण के लिए वंदे मातरम् को बांट चुकी है और अब दशकों बाद उसी मानसिकता को दोहराया जा रहा है। संभवतः कांग्रेस को वंदे मातरम् के पूर्ण गायन में भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा तथा देवी-देवताओं के स्मरण से आपत्ति है।
सीएम धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां मां नंदा-सुनंदा, धारी देवी, पूर्णागिरि और ज्वालपा देवी समेत असंख्य देवी-देवताओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। देवी-देवताओं का स्मरण और स्तुति सनातन सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
मुख्यमंत्री धामी ने सवाल किया कि क्या राजनीतिक लाभ के लिए देश की भावनाओं और सांस्कृतिक विरासत से समझौता किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संसद से पारित कानूनों और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का दायित्व है।
कांग्रेस को देश की जनता को बताना चाहिए कि वह वंदे मातरम् के विरोध में क्यों खड़ी है और उन स्वतंत्रता सेनानियों की भावना के विपरीत क्यों जा रही है, जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
