शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वतंत्रता दिवस समारोहों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उत्कृष्ट व सक्रिय भागीदारी को देखते हुए सोमवार यानी 17 अगस्त को स्कूलों सहित सभी कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा रविवार को औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। राजकीय डिग्री और राजकीय संस्कृत कॉलेजों में भी अवकाश रहेगा।
इस कारण दिया अवकाश
उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 15 अगस्त को कॉलेज, उपमंडल, जिला और राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोहों में छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया था। उनके इस उत्साह और योगदान के एवज में सरकार के अनुमोदन के बाद 17 अगस्त (सोमवार) को अवकाश का निर्णय लिया गया है।
निजी कॉलेज क्या करेंगे
उच्च शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सभी सरकारी कालेजों पर प्रभावी रहेगा। जबकि निजी कालेज अपने विवेक और आवश्यकता के आधार पर अवकाश का निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होंगे।
यही स्थिति निजी स्कूलों को लेकर है। निजी स्कूल भी अपने स्तर पर अवकाश का निर्णय ले सकेंगे। सरकार ने सिर्फ सरकारी शिक्षण संस्थानों को लेकर निर्णय लिया है।
