शिमला। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को लोक भवन में पारंपरिक ‘एट होम’ (स्नेह मिलन) समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता ने इस विशेष कार्यक्रम की मेजबानी की तथा सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत किया।
समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया, नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर तथा प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
‘एट होम’ में उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, महाधिवक्ता अनूप कुमार रतन, विधायक बलबीर सिंह वर्मा, विभिन्न आयोगों, बोर्डों व निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष शामिल हुए।
इसके अलावा नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस एवं सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और शहर के गणमान्य प्रबुद्ध जन भी इस राष्ट्रीय पर्व के आयोजन के साक्षी बने।
