देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण, बाढ़ सुरक्षा और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार से जुड़े विकास कार्यों के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत धनराशि से खटीमा और कर्णप्रयाग में पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जबकि यमुनोत्री धाम क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा के कार्य होंगे। इसके साथ ही देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सुंदरीकरण के लिए एक करोड़ रुपये को अनुमोदन दिया है।
चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी के पौराणिक मंदिर के सुंदरीकरण और प्रांगण विस्तार के लिए 98.28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
यमुनोत्री में बाढ़ सुरक्षा पर जोर
उत्तरकाशी जिले के नौगांव विकासखंड के अंतर्गत यमुनोत्री धाम में मंदिर क्षेत्र तथा जानकी चट्टी में श्रीराम मंदिर से अखोरीपुल तक यमुना नदी के दोनों ओर बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 12.63 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस कार्य से धाम क्षेत्र और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों को बाढ़ के संभावित खतरे से सुरक्षा देने में मदद मिलेगी।
सैनिक विश्राम गृह का होगा जीर्णोद्धार
देहरादून में राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए 38.76 लाख रुपये की धनराशि को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन दिया है। इससे सैनिकों और उनके स्वजन के ठहरने की सुविधाओं को बेहतर किया जा सकेगा।
