लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशभर में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों के लिए योगी सरकार के मंत्रियों को जिलों का आवंटन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में विधान भवन के समक्ष ध्वजारोहण करेंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को प्रयागराज और ब्रजेश पाठक को लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। कुल 60 मंत्रियों को अलग-अलग जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने और ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना शाहजहांपुर, सूर्य प्रताप शाही देवरिया, स्वतंत्र देव सिंह गोरखपुर, बेबी रानी मौर्य आगरा, लक्ष्मी नारायण चौधरी मथुरा, जयवीर सिंह मैनपुरी, धर्मपाल सिंह बरेली और नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ प्रतापगढ़ में ध्वजारोहण करेंगे।
इसी तरह अनिल राजभर को वाराणसी, राकेश सचान को कानपुर देहात, अरविंद कुमार शर्मा को मऊ, योगेंद्र उपाध्याय को फिरोजाबाद, आशीष पटेल को मीरजापुर, संजय निषाद को अंबेडकरनगर, ओम प्रकाश राजभर को गाजीपुर, दारा सिंह चौहान को आजमगढ़, सुनील कुमार शर्मा को गाजियाबाद, अनिल कुमार को बिजनौर, भूपेन्द्र चौधरी को मुरादाबाद और मनोज पांडेय को रायबरेली जिला सौंपा गया है।ॉ
जिलों की जिम्मेदारी की तय
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्तर पर भी जिलों की जिम्मेदारी तय की गई है। नितिन अग्रवाल को हरदोई, कपिल देव अग्रवाल को मुजफ्फरनगर, रवीन्द्र जायसवाल को भदोही, संदीप सिंह को अलीगढ़, गुलाब देवी को संभल, गिरीश चंद्र यादव को जौनपुर, धर्मवीर प्रजापति को एटा, असीम अरुण को कन्नौज, जेपीएस राठौर को झांसी और दयाशंकर सिंह को बलिया दिया गया है।
नरेंद्र कुमार कश्यप को गौतमबुद्धनगर, दिनेश प्रताप सिंह को सुलतानपुर, अरुण कुमार सक्सेना को लखीमपुर खीरी, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ को कौशांबी, अजीत सिंह पाल को औरैया और सोमेंद्र तोमर को मेरठ की जिम्मेदारी मिली है।
राज्यमंत्री स्तर पर भी मंत्रियों को जिलों का आवंटन किया गया है। इनमें मयंकेश्वर शरण सिंह को अमेठी, दिनेश खटीक बुलंदशहर, संजीव गोंड को सोनभद्र, बलदेव सिंह ओलख को रामपुर, जसवंत सिंह सैनी को शामली, रामकेश निषाद को बांदा, मनोहर लाल मन्नू कोरी को ललितपुर, संजय सिंह गंगवार को पीलीभीत, बृजेश सिंह को सहारनपुर, केपी मलिक को बागपत, सुरेश राही को बहराइच और प्रतिभा शुक्ला को कानपुर नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
राकेश राठौर ‘गुरु’ को सीतापुर, रजनी तिवारी को अयोध्या, सतीश चन्द्र शर्मा को बाराबंकी, दानिश आजाद अंसारी को बस्ती, कृष्णा पासवान को फतेहपुर, विजय लक्ष्मी गौतम को संतकबीरनगर, कैलाश सिंह राजपूत को फर्रुखाबाद, सुरेंद्र दिलेर को हाथरस और हंस राज विश्वकर्मा को चंदौली जिला आवंटित किया गया है।
