देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ मेले में लगभग पांच करोड़ शिवक्तों के हरिद्वार पहुंचने को आस्था के विराट स्वरूप का प्रतीक बताया है। उन्होंने सफल और सुव्यवस्थित कांवड़ मेले के आयोजन में सहभागी बने देशभर से आए शिवभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष देवभूमि उत्तराखंड ने श्रद्धा के ऐसे विराट स्वरूप का साक्षात्कार किया, जिसमें करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ सेवा, अनुशासन और व्यवस्था का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट आस्था के साथ ही उत्तराखंड की सेवा और आतिथ्य परंपरा में उनके विश्वास को भी दर्शाता है।
इनकी रही अहम भूमिका
उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे सभी विभागों और संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने विशाल जनसमागम को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन और पुलिस के साथ स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन दल, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सभी के सामूहिक प्रयासों से करोड़ों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और उत्तराखंड के बीच सेवा, श्रद्धा और विश्वास का भी सेतु है।
