मुख्यमंत्री भगवंत मान आज सुनाम के दौरे पर हैं। मान शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और सुनाम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।
सुनाम की पवित्र धरती के महान शूरवीर शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का दौर शुरू हो गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेता शहीद को नमन करने पहुंच रहे हैं। राज्य स्तरीय बलिदान दिवस समारोह नई अनाज मंडी में दोपहर को शुरू होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान विशेष रूप से शामिल होंगे।
इसी कड़ी में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह लोंगोवाल और शिरोमणि अकाली दल (पुनरसुरजीत) के वरिष्ठ नेता अमनबीर सिंह चैरी ने सुनाम पहुंचकर महान शहीद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, भाजपा की ज़िलाध्यक्ष दामन बाजवा ने शहीद के पैतृक आवास पहुंचकर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह जी अतुलनीय कुर्बानी की मिसाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती। देश की आजादी और स्वाभिमान के लिए उन्होंने जो अदम्य साहस दिखाया, वह पूरी दुनिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
