मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को भाषा एवं संस्कृति विभाग के पूर्व सहायक निदेशक और हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता त्रिलोक सूर्यवंशी द्वारा लिखित पुस्तक ‘जाखू मन्दिर-संजीवनी बूटी का रहस्य’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कृति है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर के इतिहास, धार्मिक महत्व और शिमला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में जाखू मंदिर के पौराणिक इतिहास, संजीवनी बूटी से जुड़े रहस्य, मंदिर से संबंधित रोचक प्रसंगों के साथ-साथ शिमला के विरासत भवनों, धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों का विस्तृत वर्णन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक शोधार्थियों, पर्यटकों और धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी।
पुस्तक के लेखक त्रिलोक सूर्यवंशी ने इस कृति में जाखू मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक और पौराणिक तथ्यों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया है। विमोचन कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी माया सूर्यवंशी और अन्य लोग उपस्थित रहे।
