शिमला। हिमाचल प्रदेश के किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण 50 प्रतिशत तक की सबसिडी पर मिलेंगे। पहाड़ी क्षेत्रों में आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने कृषि अभियांत्रिकी उपमिशन के तहत यह मुहिम शुरू की है। किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण और मशीनरी 50 प्रतिशत तक के अनुदान पर उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए वर्ष 2026-27 के लिए कृषि विभाग का डीबीटी पोर्टल 31 जुलाई से सक्रिय होगा।
लॉटरी से होगा चयन
विभाग के अनुसार किसान 31 जुलाई से 20 अगस्त तक आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 21 अगस्त को पारदर्शी लाटरी प्रणाली के माध्यम से पात्र किसानों का चयन किया जाएगा। योजना का लाभ लघु एवं सीमांत किसानों के अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला किसानों को मिलेगा।
पहाड़ी क्षेत्र में इन उपकरणों की बढ़ी मांग
पहाड़ी क्षेत्रों में छोटे और ढलानदार खेतों के कारण भारी मशीनों का उपयोग कठिन होने से विभाग कम वजन वाले पावर टिलर, पावर वीडर और अन्य आधुनिक उपकरणों को बढ़ावा दे रहा है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मशीनीकरण से श्रम और लागत घटती है, समय पर जुताई-बुवाई होने से बहुफसली खेती को बढ़ावा मिलता है और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलती है।
कृषि विभाग ने किसानों से केवल भारत सरकार से पंजीकृत फर्मों के स्वीकृत माडल ही खरीदने की अपील की है। गैरपंजीकृत या अमानक मशीनरी खरीदने पर सब्सिडी प्राप्त करने में तकनीकी और प्रशासनिक दिक्कतें आ सकती हैं।
