रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद खटीमा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद खटीमा को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र का नियमित रूप से पैदल भ्रमण एवं निरीक्षण किया जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों और पुलियों का सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने तथा शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में प्रतिदिन डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए और कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर के किसी भी स्थान पर कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए और स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि खटीमा नगर को आदर्श एवं मॉडल नगर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से समग्र कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाएं। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को जल्द बदलने के निर्देश दिए।
वर्षाकाल को देखते हुए जिलाधिकारी ने नालियों और जल निकासी तंत्र की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में किसी भी स्थिति में जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि सभी कार्य समय पर पूरे हो सकें।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कोस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, अधिशासी अधिकारी प्रियंका, खंड विकास अधिकारी संजय गांधी, रविंद्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
