देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेपर लीक मामलों के शीघ्र निस्तारण और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने इस फैसले को देश के करोड़ों युवाओं के सुनहरे भविष्य और हितों की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक कदम करार दिया।
युवाओं की मेहनत और प्रतिभा का सम्मान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कदम लाखों युवाओं की कड़ी मेहनत, प्रतिभा और उनके सपनों के प्रति केंद्र सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे न न केवल युवाओं में नया विश्वास जगेगा, बल्कि पारदर्शी व्यवस्था को भी बल मिलेगा।
दोषियों को मिलेगा त्वरित और कठोर दंड
उन्होंने आगे कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट बनने से:
- पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों की समयबद्ध सुनवाई हो सकेगी।
- अपराधियों को शीघ्र और कठोर सजा दी जा सकेगी।
- भविष्य में ऐसे अपराधों को अंजाम देने वालों के मन में डर पैदा होगा और इन पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
परीक्षा प्रणाली पर मजबूत होगा विश्वास
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस क्रांतिकारी पहल से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही, देश के युवाओं का सरकारी परीक्षा प्रणाली पर भरोसा और अधिक मजबूत होगा।
