रुद्रपुर। बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने और कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि मई 2026 में जनपद को कुल 37 मदों में से 21 मदों में ए श्रेणी, 6 मदों में बी श्रेणी, 1 मद में सी श्रेणी और 9 मदों में डी श्रेणी प्राप्त हुई।
वहीं जून 2026 में जिले ने कुल 40 मदों में से 26 मदों में ए श्रेणी, 5 मदों में बी श्रेणी, 3 मदों में सी श्रेणी और 6 मदों में डी श्रेणी हासिल की। अधिकारियों ने बताया कि जिले का प्रदर्शन पिछले वर्षों में भी उत्कृष्ट रहा है और वार्षिक रैंकिंग वर्ष 2025-26 में उधम सिंह नगर ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
समीक्षा बैठक के दौरान राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने निर्देश दिए कि जिन योजनाओं और विभागों का प्रदर्शन बी, सी अथवा डी श्रेणी में है, वे विशेष कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार सुनिश्चित करें और ए श्रेणी प्राप्त करने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखते हुए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष ने नगर आयुक्त रुद्रपुर, काशीपुर सहित संबंधित अधिकारियों को लाभार्थियों के आवासों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति के आधार पर समय से किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र गर्भवती महिलाओं को समय पर लाभ पहुंचाने और पोर्टल पर आंकड़ों की सही एवं समयबद्ध प्रविष्टि करने के निर्देश भी दिए गए।
जल जीवन मिशन और हर घर जल योजना की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने और हैंडओवर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आगामी माह में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सभी मदों में ए श्रेणी प्राप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण हिमांशु जोशी, एपीडी रमा गोस्वामी, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या कुमाऊं मंडल राजेंद्र तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जमील, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने विकासखंड रुद्रपुर की ग्राम पंचायत दोपहरिया में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बागवाला में जिला विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित किए जा रहे आवासीय भवनों का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन ने बताया कि परियोजना में आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण संतुलन का भी विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से पात्र आवंटियों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के साथ पूरा किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच सके।
