चंडीगढ़ में मंगलवार (21 जुलाई) को सीएम भगवंत मान की अध्यक्षता में पंजाब कैबिनेट की अहम मीटिंग हुई. जिसमें कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई. मीटिंग के बाद सीएम मान ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से बुलाया जाएगा और 10 अगस्त तक चलेगा. इसके अलावा पुलिस डिपार्टमेंट में ASI रैंक पर सीधी भर्ती शुरू करने, रूरल एम्प्लॉयमेंट मिशन के लिए कैबिनेट सब-कमेटी बनाने, कलकट भवन में स्टार्टअप सेंटर खोलने और नहरों और ड्रेनों की डी-सिल्टिंग का समय बढ़ाने का भी फ़ैसला लिया गया है.
पंजाब में 10 लाख नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे
सीएम मान ने यह भी जानकारी दी कि पंजाब में 10 लाख नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे. कल से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और इसके लिए 21 दिन का समय रखा गया है. लोग जन सेवा केंद्र या फिर फ़ूड सप्लाई विभाग के माध्यम से अपना राशन कार्ड बनवा सकते हैं. वहीं नए राशन कार्ड बनवाने के साथ ही जिस किसी को भी परिवार के नए मेम्बर का नाम जुड़वाना है तो वो भी जुड़वा सकता है. सीएम के अनुसार, पंजाब में जो प्रावासी मजदूर हैं वो भी अपना राशन कार्ड बनवा पाएंगे. क्योंकि वो पंजाब में ही रहकर काम कर रहे हैं.
CM मान बोले- मैनुअल नहीं डिजिटल वैरिफिकेशन होगा
सीएम मान ने कहा कि राशन कार्ड बनवाने में मैनुअल की जगह डिजिटल वैरिफिकेशन किया जाएगा ताकि राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया 100% पारदर्शी रहे और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ पाने से न छूठे. सीएम मान का कहना था कि कई बार किसी को इस पार्टी उस पार्टी का बताकर उसका नाम ही कटा दिया जाता है. लोगों राशन कार्ड बनवाने के लिए मिन्नतें करनी पड़ती हैं. लेकिन अब यह सब नहीं होगा. किसी का भी अहसान नहीं लेना पड़ेगा. सीधे ऑनलाइन आपका राशन कार्ड बन जाएगा.
