जींद। हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करने व विकसित हरियाणा विकसित भारत रैली को संबोधित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी बुधवार को जींद आएंगे। कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह 11 बजे रेलवे जंक्शन पर पहुंचेंगे।
दस मिनट तक हाइड्रोजन ट्रेन के ड्राइवर कैब, फ्यूल सेल, हाइड्रोजन स्टोरेज कंपार्टमेंट को देखेंगे। उसके बाद पोडियम पर जाकर सवा 11 बजे प्लेटफार्म नंबर से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत के लिए रवाना करेंगे। उद्घाटन समारोह में रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव भी आएंगे। वे दिल्ली से विशेष ट्रेन में आएंगे और सुबह 8.20 बजे जींद जंक्शन पर पहुंच जाएंगे।
डीआरएम के साथ- साथ रेलवे के अन्य अधिकारी भी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को हेलीकाप्टर से जींद पहुंचे। उन्होंने इलेक्ट्रिक गाड़ी से दोपहर बाद रेलवे जंक्शन पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। उसके बाद रैली स्थल पर हुडा ग्राउंड में पदाधिकारियों व अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
रैली इको फ्रेंडली होगी। इसलिए मंत्री, विधायकों व कार्यकर्ताओं को इलेक्ट्रिक व सीएनजी वाहनों में ही रैली में आने का आह्वान किया गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए रैली स्थल, पार्किंग, रेस्ट हाउस के पास चार्जिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। रैली में लोगों को लाने के लिए 145 इलेक्ट्रिक बसें लगाई गई हैं।
जंक्शन व ट्रेन को सजाने के लिए कोलकाता से बुलाए सज्जाकार
रेलवे जंक्शन को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। जंक्शन व हाइड्रोजन ट्रेन को सजाने के लिए कोलकाता से सज्जाकार बुलाए गए हैं। वहीं दिल्ली से 12 क्विंटल फूल मंगवाए गए हैं। प्लेटफार्म नंबर एक पर जहां पोडियम से प्रधानमंत्री ट्रेन को हरी झंडी सजाएंगे, उसको भी शाम को सजाने का काम जारी था।
विद्यार्थियों के लिए जारी किए विशेष पास
पहले दिन उद्घाटन के बाद हाइड्रोजन ट्रेन स्कूली विद्यार्थी सफर करेंगे। जींद जंक्शन से बैठने वाले विद्यार्थी व शिक्षक पिंडारा जंक्शन तक जाएंगे। गोहाना, लाठ, मोहाना और सोनीपत स्टेशनों से भी विद्यार्थी सफर करेंगे। अलग- अलग स्कूलों से विद्यार्थियों का चयन किया गया है। जिनके लिए विशेष पास बनाकर संबंधित स्टेशनों पर जींद जंक्शन से भेज दिए गए हैं।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
रेलवे जंक्शन, रैली स्थल व शहर में प्रधानमंत्री के दौरे के चलते सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
शहर में 80 नाके लगाए गए हैं। 15 आइपीएस अधिकारी, 50 डीएसपी व 4500 के आसपास पुलिस कर्मचारी सुरक्षा में लगे हुए हैं।
आमजन को रेलवे जंक्शन के मुख्य गेट से नहीं जाने दिया जा रहा। कड़ी जांच के बाद ही लोगों को जंक्शन के अंदर जाने दिया जा रहा है। जंक्शन परिसर के सामने बैरिकेडिंग भी की गई है। प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से पहुंचेंगे। रेलवे जंक्शन मैदान में हेलिपेड बनाया गया है। वहीं पुलिस लाइन व रैली स्थल के पास हेलिपेड बनाया गया है।
