शिमला: प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने और उन्हें प्रतियोगी भर्ती प्रक्रियाओं के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 800 कांस्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण, शारीरिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। इन पदों के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने बीते 9 जुलाई को विज्ञापन जारी किया है। मुख्यमंत्री ने वीरवार को बयान में कहा कि प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली, अनुशासित और परिश्रमी है।
राज्य सरकार का उद्देश्य रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि आर्थिक अथवा भौगोलिक परिस्थितियां किसी भी योग्य अभ्यर्थी की प्रगति में बाधा न बनें। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियां इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संगठित एवं नि:शुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू किए जाएं।
इन कार्यक्रमों में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित संपूर्ण जानकारी, लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणात्मक सत्र तथा चयन प्रक्रिया के अन्य सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञ पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण, दूरदराज एवं जनजातीय क्षेत्रों के उन युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं प्रशिक्षण सुविधाएं सहज उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश पुलिस में इस पहल से अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं का चयन होगा तथा प्रदेश पुलिस को समर्पित, अनुशासित, शारीरिक रूप से सक्षम और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध युवा पुलिसकर्मी मिलेंगे।
युवा हिमाचल का भविष्य और सबसे बड़ी शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा हिमाचल का भविष्य और सबसे बड़ी शक्ति है। राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने, उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध करवाने तथा राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए प्रेरित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह पहल उसी संकल्प का एक सशक्त उदाहरण है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, स्थान, समयसारिणी तथा पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र जारी करेगी। पुलिस विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय अथवा हिमाचल प्रदेश पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से समय-समय पर जारी होने वाली सूचनाओं पर ध्यान दें।
