शिमला। हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौवीं के नए सीबीएसई पाठ्यक्रम की पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली ने सभी सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 15 दिनों के भीतर नए पाठ्यक्रम की पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के साथ कक्षा नौवीं का पाठ्यक्रम अपडेट हो चुका है और नई पाठ्यपुस्तकें बाजार में उपलब्ध हैं। समय की कमी को देखते हुए विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नई किताबें जल्द से जल्द खुले बाजार से स्वयं खरीद लें, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।
शिक्षा निदेशक ने दिए आदेश
शिक्षा निदेशक ने आदेश दिए हैं कि यदि कोई आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी नई पुस्तकें खरीदने में सक्षम नहीं है तो संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य उसे स्कूल निधि (स्कूल फंड) से नि:शुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा जिन विद्यालयों के पास पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है, वे चाहें तो कक्षा नौवीं के सभी विद्यार्थियों को भी नई पुस्तकें मुफ्त उपलब्ध कराने का निर्णय ले सकते हैं।
15 दिन में अनुपालन के निर्देश
निदेशालय ने सभी प्रधानाचार्यों को इन निर्देशों का 15 दिनों के भीतर पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि नए पाठ्यक्रम की किताबों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही शिक्षा विभाग ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला से भी अनुरोध किया है कि नई पाठ्यपुस्तकों की बाजार में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्यार्थियों को किताबें प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
