देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष तीर्थ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छह दिवसीय इस धार्मिक यात्रा में प्रदेश के विभिन्न वर्गों से जुड़े करीब 700 श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था, अदम्य विश्वास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, महाकाल और सोमनाथ जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों का विकास भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि केदारखंड और मानसखंड मंदिर क्षेत्रों का विकास, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और यमुनातीर्थ के पुनरुद्धार जैसी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय संस्कृति और दर्शन के अध्ययन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज’ की स्थापना की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य राज्य के हितों की रक्षा करना है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे जहां भी जाएं, उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के प्रतिनिधि बनें।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपने व्यवहार और आचरण से उत्तराखंड की सकारात्मक पहचान को और मजबूत करें।
इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
