देहरादून। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026’ के तहत शुक्रवार को डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी में ‘विकसित भारत यंग प्रोफेशनल राउंड टेबल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
माय भारत, देहरादून और इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘फिट भारत, हिट भारत’ रहा। कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका, स्वस्थ जीवनशैली और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स, माय भारत स्वयंसेवकों, युवा पेशेवरों और शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
माय भारत की प्रेजेंटर मेघा शर्मा ने ‘फिट भारत, हिट भारत’ विषय पर प्रस्तुति देते हुए स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को बताया।
वहीं डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अंजुम अग्रवाल, डॉ. ए.एस. सुरेश अय्यर, यथार्थ गैरोला, ग्रुप कैप्टन आर.सी. त्रिपाठी और एडवोकेट रितु गुजराल ने पैनल चर्चा में युवाओं को संबोधित किया।
विशेषज्ञों ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, करियर विकास, नेतृत्व क्षमता, एडवेंचर गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया।
इस दौरान युवाओं ने विशेषज्ञों से अपने सवाल साझा किए और भविष्य की संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर माय भारत, देहरादून की उपनिदेशक मोनिका नांदल ने प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से पोर्टल से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में भागीदारी करने का आह्वान किया।
अंत में सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।
