खटीमा। विकासखंड कार्यालय खटीमा में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि प्रदेश में सड़कों का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिल रही है और समय व धन की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं के कारण जनता का डबल इंजन सरकार पर भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का कार्य किया है, जिससे आम लोगों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। मुख्यमंत्री प्रदेश को अपना परिवार मानकर जनता की सेवा कर रहे हैं और पिछले पांच वर्षों में अनेक विकास कार्य किए गए हैं।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री शंकर सिंह कोरंगा और गंभीर सिंह धामी ने भी मुख्यमंत्री के पांच वर्ष के कार्यकाल को लेकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों में शिविर आयोजित कर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सेवा सप्ताह कार्यक्रम में उद्योग, मत्स्य, कृषि, श्रम, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य विभाग, गन्ना विकास सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से छह महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। सात गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई और छह बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
शिक्षा विभाग ने 34 स्कूली बच्चों को कॉपी और किताबें वितरित कीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 303 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। होम्योपैथिक विभाग ने 128 और आयुर्वेद विभाग ने 55 लोगों को स्वास्थ्य लाभ दिया।
पशुपालन विभाग ने 325 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ दवाइयां वितरित कीं। राजस्व विभाग ने 55 लोगों को खतौनी उपलब्ध कराई और एक विरासत संबंधी कार्रवाई पूरी की।
समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण वितरित किए गए, जिनमें 10 बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, 18 व्हीलचेयर, आठ ट्राईसाइकिल, 10 छड़ी, 15 कमोड कुर्सी, 17 कुशन सीट, तीन स्टिक, चार कान की मशीन और तीन टीएलएम किट शामिल हैं। इसके अलावा 17 लोगों के आधार कार्ड भी बनाए गए।
शिविर में कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान 1191 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ दिया गया।
समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, बाल विकास, उद्योग विभाग और सेवायोजन विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, शंकर सिंह कोरंगा, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, खंड विकास अधिकारी संजय गांधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
