शिमला: कांगड़ा जिले के बड़ा भंगाल की पात्र महिलाएं इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1,500 रुपए के लिए संबंधित तहसील वैल्फेयर अधिकारी को आवेदन कर सकती हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विभाग ने उक्त अधिकारी को क्षेत्र की पात्र महिलाओं से आवेदन लेने के निर्देश जारी किए हैं। गौर हो कि 27 जून को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल पहुंच कर लोगों के हित में 6 बड़ी घोषणाएं की थीं। इस दौरान उन्होंने बड़ा भंगाल की सभी पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1,500 रुपए प्रतिमाह देने की घोषणा भी की थी। ऐसे में अब विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की मानें तो इसके आवेदन तहसील वैल्फेयर अधिकारी कार्यालय में ही वैरीफाई होंगे। ऐसे में महिलाओं को पंचायतों के चक्कर काटने की भी जरूरत नहीं होगी।
आंगनबाड़ी वर्कर्ज और हैल्पर्ज को नहीं मिला बढ़ा हुआ वेतन
सरकार ने इस बजट में आंगनबाड़ी वर्कर्ज और हैल्पर्ज के मानदेय में 1,000 रुपए बढ़ौतरी की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक कर्मचारियों को बढ़ा हुआ मानदेय नहीं मिला है। ऐसे में संबंधित एसोसिएशन ने सरकार व विभाग से जल्द संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर बढ़ा हुआ मानदेय जारी करने की मांग की है। बीते अप्रैल से उक्त कर्मचारियों को यह बढ़ी हुई राशि मिलेगी। उधर, विभाग के मुताबिक वित्त विभाग को संबंधित मामला भेजा गया है। वित्त विभाग से अप्रूवल के बाद ही आंगनबाड़ी वर्कर्ज और हैल्पर्ज को बढ़ा हुआ मानदेय जारी किया जाएगा।
