रुद्रपुर। उत्तराखंड आयुष विभाग के अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे ने किच्छा में सैटेलाइट एम्स के निकट प्रस्तावित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा (एआईआईए) के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपर सचिव ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि प्रस्तावित भूमि से राष्ट्रीय राजमार्ग, हवाई अड्डे, बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन की दूरी सहित सभी आवश्यक कनेक्टिविटी का विस्तृत विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में वर्तमान विद्युत आपूर्ति की स्थिति, भविष्य में विद्युत सब-स्टेशन स्थापित करने की संभावनाओं और उससे संबंधित कार्ययोजना की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कह
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को शहर की वर्तमान जनसंख्या, ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) निस्तारण व्यवस्था तथा भविष्य में कूड़ा प्रबंधन की कार्ययोजना का विस्तृत ब्यौरा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
स्थलीय निरीक्षण से पहले जिला सभागार में आयोजित बैठक में प्रस्तावित परियोजना से संबंधित भूमि, पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज प्लान, आसपास स्थित शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। अपर सचिव ने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को सभी जानकारियों का समेकित प्रतिवेदन तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह, तहसीलदार किच्छा गिरीश चंद्र त्रिपाठी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
