देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए 7 जुलाई 2026 तक गणना प्रपत्र जमा करना अनिवार्य किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभी तक सत्यापन नहीं कराने वाले मतदाताओं से तत्काल अपने बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के 13.76 लाख पंजीकृत मतदाताओं में से 11.86 लाख से अधिक मतदाता गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं। इनमें 99.98 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है। हालांकि, अभी भी 1,90,588 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि जो मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे ईसीआईनेट ऐप या ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर समय पर प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
डीएम ने जानकारी दी कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना या अपने माता-पिता अथवा दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके साथ ही आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई है और अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अंतिम समय का इंतजार न करने और समय पर प्रपत्र जमा कर अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने की अपील की।
