भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक एवं आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों के लिए ‘ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना’ का शुभारंभ किया तथा छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने ग्राफिक एरा संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में इसकी पहचान पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि नए अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा शोध, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया जाना एक सराहनीय पहल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुमाऊं मंडल में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़े पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। इसके साथ ही देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसी परियोजनाएं भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य उसी युवा का होगा जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और बदलते वैश्विक परिवेश के अनुसार स्वयं को ढालने का साहस रखता हो। उन्होंने युवाओं से नौकरी खोजने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले पांच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष तरीके से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
इस अवसर पर धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन प्रो. कमल घनशाला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
