हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 337 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। इनमें 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सात महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाएं भी शामिल हैं।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश के सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्करों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हुए हैं। आज की परियोजनाओं सहित क्षेत्र में अब तक लगभग 858 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। उन्होंने लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से बने 50 बेड के नए अस्पताल ब्लॉक का भी उद्घाटन किया, जिसके बाद नारायणगढ़ का नागरिक अस्पताल अब 100 बेड का हो गया है।
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में नारायणगढ़ में नए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक) के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश में स्थापित किए जाने वाले 10 नए आईएमटी में अंबाला और नारायणगढ़ को भी शामिल किया गया है, जिनके लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में नारायणगढ़ के लिए की गई 74 घोषणाओं में से 61 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 5 पर कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को प्रदेश के 17 जिलों में डे-केयर कैंसर सेंटरों का शुभारंभ किया गया था और सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी जनकल्याण एवं विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय कॉलेज में स्केटिंग ग्राउंड बनाने की घोषणा की। साथ ही नारायणगढ़ की अनाज मंडी के सामने स्थित मैदान को ‘सनातन मैदान’ के रूप में विकसित किए जाने की भी घोषणा की।
