चंडीगढ़। हरियाणा में किसानों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) की बाजार तक पहुंच बढ़ाने में फ्लिपकार्ट सहायता करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सोमवार को नई दिल्ली में मिले फ्लिपकार्ट ग्रुप के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति और चीफ कारपोरेट अफेयर्स आफिसर रजनीश कुमार ने कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर लंबी चर्चा की।
बैठक में राज्य के साथ फ्लिपकार्ट की साझेदारी को और अधिक मजबूत करने, कृषि वैल्यू चेन को सशक्त करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने तथा समावेशी आर्थिक विकास को गति देने के लिए तकनीक के उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने हार्टिकल्चर और फ्रेश प्रोड्यूस सोर्सिंग के क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने की संभावनाएं तलाशने को कहा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हरियाणा के अधिक से अधिक किसान और प्रोड्यूसर आर्गेनाइजेशन तकनीक-सक्षम सप्लाई चेन के माध्यम से व्यापक बाजारों तक अपनी पहुंच बना सकें।
अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए फ्लिपकार्ट के चेयरमैन ने कहा कि वह हरियाणा सरकार के साथ अपनी निरंतर साझेदारी के माध्यम से राज्य भर के किसानों, उद्यमियों और स्थानीय व्यवसायों के लिए नए अवसर सृजित करने हेतु प्रतिबद्ध हैं। इस मुलाकात के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के चीफ कार्डिनेटर सुनील शर्मा भी मौजूद रहे।
